गाजीपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों के आंकड़े में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट है। मरीजों को भर्ती करके उपचार करने के लिए 270 बेड सुरक्षित कर लिया गया है। जिला अस्पताल में बेडों की संख्या बढ़ाकर 40 कर दी गई है। वर्तमान समय में 21 मरीजों को भर्ती कर उपचार चल रहा है। यही नहीं इन जगहों पर दो शिफ्ट में डाक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी की सूची भी तैयार कर ली गई है। साथ ही विशेष सतर्कता भी बरती जा रही है।
कोरोना महामारी की दूसरी लहर में रोजाना 100 से अधिक कोरोना संक्रमित मिले हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मुश्किलें भी काफी बढ़ गई हैं। मरीजों की संख्या में लगातार हो रहे इजाफे को देखते हुए विभाग ने सहेड़ी स्थित शम्मे गौसिया में जहां 150 बेड सुरक्षित किया है वहीं मां राधिका देवी बाल चिकित्सालय में 20 बेड, सिंह हास्पिटल में 100 बेड कोरोना मरीजों के उपचार के लिए सुरक्षित किया गया है, जिससे किसी भी विकट परिस्थिति में मरीजों का तत्काल उपचार कराया जा सके। इसके अलावा इन जगहों पर दो शिफ्टों में डाक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती भी कर दी गई है, जिससे मरीजों के भर्ती होने पर उपचार के लिए किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।