गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से दो सितंबर से शुरू प्राथमिक सदस्यता अभियान में जिले भर से अधिक संख्या में प्राथमिक सदस्य बने। 16 अक्तूबर से प्रारंभ सक्रिय सदस्यता अभियान में अंतिम रूप से जांच के बाद जिले के सभी 34 मंडलों में 2659 सक्रिय सदस्यों की प्रथम सूची बुधवार को पार्टी के जिला कार्यालय पर चस्पा की गई।
सक्रिय सदस्यता के सत्यापन अधिकारी सुशील उपाध्याय, जिला सत्यापन सहायक जिला महामंत्री प्रवीण सिंह तथा जिला सत्यापन सहायक नितीश दूबे के नेतृत्व में सारे आवेदन पत्रों की सघन जांच की गई। इस अवसर पर सत्यापन अधिकारी सुशील उपाध्याय ने कहा कि जिले में प्राथमिक सदस्यता के अलावा अधिक संख्या में सक्रिय सदस्यों का बनना पार्टी को मजबूती प्रदान करेगा। कार्यकर्ताओं ने इस अभियान को सफल बनाया है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, अविनाश सिंह, सुरेश बिंद, निखिल राय आदि उपस्थित थे।