गाजीपुर नेहरु स्पोर्ट्स स्टेडियम में वेटलिफ्टिंग में कोच प्रदीप राय के देखरेख में प्रशिक्षण प्र
गाजीपुर। शहर के गोराबाजार स्थित नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला खेल कार्यालय की ओर से विभिन्न खेलों के कैंप संचालित किए जा रहे हैं। भारोत्तोलन में वर्तमान समय में प्रशिक्षक की देखरेख में 25 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं जिसमें 21 बालक और 4 बालिकाएं हैं। कोच की तरफ से उनको वेटलिफ्टिंग की बारीकियां सिखाई जा रही है।
प्रशिक्षक प्रदीप राय ने बताया कि भारोत्तोलन में 2 इवेंट होते हैं स्नैच और क्लीन एंड जर्क। स्नैच में खिलाड़ी की तकनीक का महत्वपूर्ण स्थान है तो क्लीन जर्क में उसके शारीरिक बल का परिचय मिलता है। दो वेटलिफ्टर दिसंबर में जौनपुर में आयोजित स्कूल स्टेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुके हैं जबकि चार कुछ महीने पहले चंडीगढ़ में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में खेल चुके हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 3 खिलाड़ी जनवरी में गाजियाबाद में आयोजित ओपन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में दमखम का प्रदर्शन कर चुके हैं। प्रशिक्षक ने बताया कि स्कूल स्टेट में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों में दिव्यांश राय और उत्कर्ष सिंह, इंटर यूनिवर्सिटी में रिषभ सिंह, राजकरन चौहान, अभिषेक पाल, कशिश यादव तथा राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों में रिषभ सिंह, राजकरन, विनय यादव, विपुल यादव शामिल हैं।