दुल्लहपुर डाकघर में हंगामें के बाद जानकारी लेते पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : samvad
दुल्लहपुर। स्थानीय डाकघर में एफडी का भुगतान न होने को लेकर शुक्रवार की दोपहर में विवाद की स्थिति बन गई। बड़ागांव उर्फ मुस्तफाबाद निवासी रामविलास प्रजापति ने पोस्ट मास्टर पर आरोप लगाते हुए डाॅयल 112 पर शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
पीड़ित रामविलास प्रजापति ने बताया कि उनकी मां ने 2018 में डाकघर में दो एफडी कराई थीं। इनमें एक 40 हजार की पांच वर्ष के लिए और दूसरी 1.10 लाख रुपये की दस वर्ष के लिए थी। आरोप है कि नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन बार-बार कागजी कार्रवाई के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा है। पीड़ित रामविलास ने बताया कि पोस्ट मास्टर द्वारा मांगे गए सभी आवश्यक दस्तावेजों में सुधार कर वह 15 जून को डाकघर पहुंचे थे। जब उन्होंने जमा किए गए दस्तावेजों की कोई लिखित पावती या प्राप्ति रसीद मांगी तो पोस्ट मास्टर नाराज हो गए और कागजात वापस कर दिए। आरोप लगाया कि जानबूझकर उनके कागजात में कमी बताकर प्रक्रिया को लंबित रखा जा रहा है। उधर, पोस्टमास्टर ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि सभी आरोप गलत हैं। डाकघर में टेबल पर जमा किए गए दस्तावेजों की अलग से कोई लिखित पावती देने का प्रावधान नहीं है। अगर आवेदक को प्रमाण चाहिए था तो वह दस्तावेज स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेज सकते थे, इसका रिकॉर्ड उपलब्ध रहता है। आश्वासन दिया कि आवश्यक रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही उच्चधिकारियों को भेज दी जाएगी और नियमानुसार कार्य कराया जाएगा।