गाजीपुर। उप्र होमगार्ड भर्ती की परीक्षा दूसरे दिन रविवार को 11 केंद्रों पर हुई। दूसरे दिन भी केंद्रों पर सख्ती के चलते दोनों पालियों में 9025 परीक्षार्थियों में से कुल 2436 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के नोडल अधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार को दूसरे दिन प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 4512 परीक्षार्थियों में से 1196 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा में 4513 परीक्षार्थियों में से 1240 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
उधर, परीक्षा को नकल विहीन, निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने परीक्षा केंद्र लुदर्स बालिका इंटर कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने परीक्षा की निगरानी के लिए केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम और पेयजल आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा को पूरी निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ संपन्न कराने के सख्त निर्देश दिए।
पेपर न ज्यादा कठिन था और न ही ज्यादा आसान। करेंट अफेयर्स से कई प्रश्न पूछे गए, जो संतोषजनक थे। तैयारी के आधार पर परीक्षा ठीक हुई है। पेपर अच्छा हुआ है और चयन की उम्मीद है। -विमलेश कुमार, चंदौली
जीके और करेंट अफेयर्स से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे। कुछ प्रश्न घुमावदार थे और कई सवाल सामान्य स्तर के थे। समय प्रबंधन में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। होमगार्ड सरकारी नौकरी है, इसलिए परीक्षा देने आया हूं। -अभिषेक, सारनाथ
सामान्य ज्ञान के कुछ प्रश्नों में थोड़ी कठिनाई हुई। प्रश्न सीधे-सादे न होकर वैचारिक और तथ्यात्मक मिश्रित थे, जिससे समय प्रबंधन में परेशानी हुई। कुल मिलाकर पेपर संतोषजनक रहा।
-प्रियांशु, चंदौली
तैयारी के आधार पर परीक्षा बेहतर हुई। अधिकांश सवाल सामान्य स्तर के थे, जबकि कुछ प्रश्नों में थोड़ी कठिनाई हुई, लेकिन कुल मिलाकर पेपर संतोषजनक रहा। सफलता की उम्मीद है। -संजीव, जौनपुर
धूप से बचने के लिए दुकानों की शरण में रहे लोग
होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने विभिन्न जिलों से महिला और पुरुष अभ्यर्थी आए थे। इनमें से कई परीक्षार्थी परिजनों के साथ पहुंचे थे। साथ आए लोग केंद्रों के बाहर परीक्षा समाप्त होने का इंतजार करते रहे। आसमान से बरसती धूप और भीषण गर्मी के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सिर छिपाने के लिए उन्हें सुरक्षित स्थान की तलाश करनी पड़ी। इसके चलते कई केंद्रों के पास स्थित दुकानों के बाहर परिजन इंतजार करते दिखे। प्यास बुझाने के लिए उन्हें पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ा। पानी खत्म होने पर आसपास की दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ा।
यातायात व्यवस्था में अवरोध
गाजीपुर। भीषण गर्मी के बीच रविवार को शहर की सड़कों पर चहल-पहल बढ़ गई। कारण रहा होमगार्ड भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए सैकड़ों परीक्षार्थी। अधिकांश अभ्यर्थी दोपहिया और चारपहिया वाहनों से पहुंचे थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद लौटते समय कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हो गया। शाम को बाजार निकले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा और वे समय से अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।