गाजीपुर। विधानसभा चुनाव के अंतर्गत सभी मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित किया जा रहा है। शनिवार को तीसरे दिन प्रशिक्षण में कुल 24 मतदान कार्मिक विभिन्न विभागों के अनुपस्थित रहे।
गैरहाजिर कार्मिकों में बेसिक शिक्षा 10, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय-तीन, लोनिवि-एक से दो, जिला पंचायत विभाग से-पांच, नलकूप खंड प्रथम से दो, जिला सहकारी बैंक से-एक तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय से एक कार्मिक अनुपस्थित रहा। एक मार्च तक चलने वाले प्रशिक्षण में कुल 3403 मतदान पार्टी के 13612 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रभारी अधिकारी कार्मिक-मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने सभी कार्मिकों को निर्देश दिया कि वह निर्धारित समय से स्थल पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करें। निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार के संशय की स्थिति में तत्काल प्रशिक्षक से पूर्ण जानकारी प्राप्त कर लें। विलंब से उपस्थित होने की स्थिति में तत्काल संबंधित कार्मिक के विरुद्ध निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित नियमों के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।