दीपावली और डाला छठ पर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी। त्योहारों के दौरान बिजली व्यवस्था सुचारु रखने के लिए बिजली निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला मुख्यालय स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से जिलेभर की विद्युत आपूर्ति पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी।
तीन शिफ्टों में 10 कर्मचारियों की ड्यूटी
कंट्रोल रूम में तीन शिफ्टों में कुल 10 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान बिजली से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निस्तारण करना है। इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने के लिए 10 ट्रांसफार्मर ट्रॉलियों को सक्रिय रखा गया है। सभी विद्युत उपकेंद्रों पर संविदा कर्मचारियों को भी निर्धारित ड्यूटी के अनुसार मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।