जनपद न्यायालय में लगे वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डेमो
गाजीपुर। जनपद न्यायालय परिसर में रविवार को मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने दीप प्रज्जवलित कर शिविर का शुभारंभ किया। इसमें विभिन्न विभागों के 45 स्टॉल लगाए गए थे। कैंप में 21971 लोग लाभान्वित हुए। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने कहा गया कि आमजनों की सुविधा के लिए सभी सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच से देने का प्रयास किया गया है। डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि शासन की सभी योजनाओं के विषय में आमजन को जागरुक करने में यह शिविर महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। शिविर के नोडल अधिकारी अपर जिला जज शक्ति सिंह ने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों के 45 स्टाल लगाए गए थे। शिविर बहुआयामी था। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क चिकित्सकीय परीक्षण एवं परामर्श, सभी प्रकार की पेंशन, बिजली एवं पानी के बिल, सभी प्रकार की बीमा योजनायें, राशनकार्ड, आधार कार्ड या कोई भी अन्य योजना, जिसकी आवश्यकता आमजन को दैनिक जीवन में होती है। उन सभी का लाभ दिलाने का प्रयास किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अर्चना ने बताया कि शिविर के माध्यम से सभी प्रकार के कैंप में कुल 21971 व्यक्तियों को लाभ मिला। इस अवसर पर पीओ संजय हरिशुक्ला, सिविल बार संघ के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह, न्यायिक अधिकारी अली रजा, अलख कुमार, रामअवतार प्रसाद, विजय कुमार, नूतन द्विवेदी, अमित कुमार, अनन्त कुमार, संदेश कुमार पासवान, अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) राकेश कुमार मिश्र, क्षेत्राधिकारी शेखर सेंगर आदि मौजूद रहे।
पात्रों को आवेदन की दी गई थी सुविधा
गाजीपुर। शिविर में पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं आयुषमान कार्ड भी वितरित किया गया। शिविर में मौके पर ही आवेदन किये जाने की सुविधा भी दी गई। शिविर में पुलिस विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाया गया था, जिसमें हेल्पलाइन एवं साइबर अपराध से संबंधित विशेष जानकारी प्रदान की गई। बैंकों द्वारा वैयक्तिक ऋण एवं अन्य प्रकार के ऋण के आवेदन संबंधित सुविधा दी गई। वहीं, दिव्यांगजनों में ट्राईसाइकिल एवं बैसाखी का वितरण भी किया गया।