गाजीपुर। समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाजवादी पार्टी का संयुक्त सम्मेलन मंगलवार को लंका स्थित रामलीला मैदान में हुई। इस दौरान दोनों पार्टियों के नेताओं ने लोकसभा चुनाव जीतने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पार्टियों के दोनों राष्ट्रीय अध्यक्ष जो भी फैसला करेंगे उसे कार्यकर्ता निष्ठा के साथ निभाएंगे, जो भी प्रत्याशी बनेगा उसे जिता कर संसद में भेजा जाएगा।
सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे बसपा के वरिष्ठ नेता अफजाल अंसारी ने कहा कि गाजीपुर की सीट बहुत ही महत्वपूर्ण सीट है। हर हाल में यह सीट सपा बसपा गठबंधन के खाते में डाली जाएगी। विशिष्ट अतिथि अमरजीत गौतम ने कहा कि भाजपा की सरकार ने हमेशा की तरह इस बार भी जनता के साथ छल किया। तमाम वादे किए लेकिन उसे निभा न सकी। युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। विकास के नाम पर सिर्फ जुमलेबाजी की गई। जनता अब जवाब देने को तैयार हो गई है। मुख्य अतिथि वरिष्ठ नेता इंदल राम ने कहा कि लोकसभा में आने वाले हमारे प्रत्याशी की जीत के लिए दोनों दलों के कार्यकर्ता आपसी मतभेद को भुला कर नई उर्जा के साथ काम करें। इस मौके पर सुरेंद्र कुमार, नीरज शेखर, ओमप्रकाश सिंह, राधेमोहन सिंह, वीरेंद्र यादव, मनोज कुमार विद्रोही, सुब्बा राम, विजय कुमार, कालीचरण राजभर, सदानंद, रामधारी यादव , संतोष कुमार सिंह यादव, वीरेंद्र यादव, सुदर्शन यादव आदि मौजूद रहे।