गाजीपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 15 फरवरी से पहली मार्च तक चलाए जा रहे परिवार नियोजन पखवारा के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से सारथी वाहन को परिवार नियोजन के नोडल अधिकारी डॉ. केके वर्मा और एसीएमओ डॉ. आरके सिन्हा ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सारथी वाहन परिवार नियोजन का संदेश और उससे होने वाले लाभ की जानकारी जिले के प्रत्येक ब्लॉक और 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर देगा। सारथी वाहन के माध्यम से परिवार नियोजन से संबंधित अंतरा, छाया और कॉपर-टी, महिला एवं पुरुष नसबंदी और कंडोम आदि के लाभ और उसके उपयोग के बारे में जागरूकता लाने के लिए भी कार्य किया जाएगा।
परिवार नियोजन पखवारे के अंतर्गत जिले में अब तक 300 महिलाओं की नसबंदी के साथ ही 176 अंतरा इंजेक्शन और 67 कॉपर-टी की सेवा दी जा चुकी है। नोडल अधिकारी डॉ. वर्मा ने बताया कि इस पखवारे के अंतर्गत अभी तक 300 महिलाओं की नसबंदी और अन्य सुविधाओं से विशेष परिवार नियोजन पखवारा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किया गया है। महिला नसबंदी के मामले में मुहम्मदाबाद ब्लॉक पहले, द्वितीय स्थान पर मनिहारी ब्लॉक के साथ ही जमानिया, भदौरा, बाराचंवर, जखनिया, सैदपुर, देवकली, मरदह हैं। बताया कि मिशन परिवार विकास के अंतर्गत जिले में पुरुष नसबंदी के लिए लाभार्थी को तीन हजार और महिला नसबंदी के लिए दो हजार की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह आर्थिक लाभ उनके खाते में सीधे विभाग के द्वारा ट्रांसफर किया जाएगा। इसके लिए लाभार्थी को अपना आधार और पासबुक की छायाप्रति देनी होगी। इसके अलावा महिला प्रसव के बाद कॉपर टी लगाने पर तीन सौ का लाभ और नया अंतरा इंजेक्शन जो त्रैमासिक गर्भनिरोधक है, उसे लगवाने पर सौ रुपये लाभार्थी को आर्थिक लाभ दिया जाता है।