सादात। जीउत दास विद्यालय एवं जीउत दास गर्ल्स बीटीसी कालेज में आयोजित पांच दिवसीय स्काउट प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हुआ। अंतिम दिन दीक्षा संस्कार, फाइनल टॉक, ओपेन सेशन, सर्वधर्म प्रार्थना सभा के बाद ध्वजावतरण एवं राष्ट्रगान हुआ। प्रशिक्षणार्थी बीटीसी छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षक मुकेश कुमार, अनिल पाल एवं गाइडर प्रीति ने स्काउट के विभिन्न आयामों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
अंतिम दिन बीटीसी छात्र-छात्राओं ने रस्सी, कपड़ा एवं बांस के सहारे टेंट लगाकर सीमित संसाधन में आसमान तले भोजन बनाने का गुर सीखा। प्रबंधक डॉ. विजय बहादुर यादव, राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव के साथ ही अन्य अतिथियों ने बारी-बारी से हर टोली के टेंट का निरीक्षण किया। इसके बाद इनके द्वारा बनाए गए भोजन का भी स्वाद चखा। प्रबंधक विजय बहादुर यादव ने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण से न सिर्फ छात्र-छात्राओं का सामाजिक एवं नैतिक विकास होता है, बल्कि उनमें राष्ट्र के प्रति प्रेम एवं निष्ठा का बीज स्फुटित होता है। यह समाज के साथ ही राष्ट्र के लिए भी हितकारी होता है। रामअवतार यादव ने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को आत्मसात करते हुए जीवन में इसे चरितार्थ करें। हमेशा परसेवा की भावना से कार्य करें। इस दौरान दल नायक राकेश वर्मा, दल नायिका अंजली सिंह, अंजनी वर्मा, वंदना, निधि, रुपाली, नासरीन खातून, प्रतिमा, रागिनी, कौशल सिंह, अजीत यादव, शीलू, प्रमोद, रामेश्वर यादव, सुभाष यादव, राजेश यादव, शीतला प्रसाद आदि उपस्थित थे।