जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के लहुवार गांव स्थित एक ईंट भट्ठा के पास सोमवार की शाम बाइक सवार को बचाने में बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल की बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। इसमें तीन बच्चों को हल्की चोटें आई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों का उपचार गांव के ही एक निजी चिकित्सालय में कराया।
जमानिया स्थित एक निजी विद्यालय की छुट्टी होने के बाद बस बच्चों को लेकर घर छोड़ने जा रही थी। बस लहुवार गांव में बच्चों को छोड़ कर सैदाबाद गांव के तीन बच्चों को छोड़ने जा रही थी। इसी बीच ईंट भट्ठा के पास अचानक सामने से तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार को बचाने में चालक भुल्लन नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे सरसों के खेत में पलट गई। स्कूल बस के पलटते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गयी । ग्रामीणों ने बस के भीतर फंसी अंजली(14) पुत्री दुधनाथ, बंटी(10) पुत्र सेराज अंसारी तथा उसकी बहन रेशमा (13) को किसी तरह निकाला। घायल तीनों छात्रों का गांव के निजी चिकित्सालय में इलाज कराया गया। यह संयोग रहा कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई । घटना की जानाकरी होते ही घायलों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और अपने बच्चों को सही सलामत देख राहत की सांस ली।