जमानिया(गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के नहर पुलिया के पास सोमवार की दोपहर किसी ट्रेन की जद में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने प्राइवेट चिकित्सक से उपचार के बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
कोतवाली क्षेत्र के डिगरी नहर पुलिया से कुछ दूरी पर डाउन रेलवे लाइन पर दिन में करीब दो बजे कुछ राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल युवक को कराहते हुए देखा। लोग घायल को निजी चिकित्सक के पास ले गए। हालत में कुछ सुधार होने पर घायल ने अपना नाम मदनपुरा निवासी राकेश राम पुत्र (26) स्व. गौरी राम बताया। बताया कि वह चंडीगढ़ में प्राइवेट कंपनी में काम करता है और रविवार को ही मधूमालपुर उर्फ मदनपुरा गांव स्थित अपने घर आया था। लोगों ने घटना की सूचना 108 एंबुलेंस को दी। करीब चार बजे एंबुलेंस कर्मी वहां पहुंचे और घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाए। लोगों की माने तो डाउन लाइन से गुजर रही एक मालगाड़ी ट्रेन के चालक ने स्टेशन मास्टर को इशारे से डाउन लाइन के किनारे एक घायल युवक के पड़े होने की जानकारी दी थी। स्टेशन मास्टर ने बताया कि उन्होंने तीन बजे आरपीएफ को इसकी सूचना दे दी। बावजूद इसके घटना स्थल पर न तो आरपीएफ स्टाफ पहुंचा और न ही स्टेशन का कोई कर्मचारी।