सादात(गाजीपुर)। क्षेत्र के हूरमुजपुर हाल्ट के पास मंगलवार की सुबह वाराणसी जा रही पैसेंजर ट्रेन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिवार वालों को सौंप दिया।
खलीलनपुर (हूरमुजपुर हाल्ट) गांव निवासी रामकृष्ण सिंह की पत्नी शारदा देवी (65) सुबह रेलवे लाइन की किनारे सुबह फूल तोड़ रही थी। इसी दौरान वाराणसी जा रही 55149 पैसेंजर ट्रेन से टक्कर हो गई, जिससे वह दूर जा गिरी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए और चीखने-चिल्लाने लगे। ट्रेन के चालक रामअवध यादव ने स्टेशन पहुंचकर दुर्घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने घटना से हूरमुजपुर चौकी पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से दुर्घटना के संबंध में बातचीत करने के बाद शव का पंचनामा कर परिवार वालों को सौंप दिया।