भांवरकोल(गाजीपुर)। कुंडेसर विद्युत उपकेंद्र पर लगा नौ एमवीए का ट्रांसफार्मर जलने से चौथे दिन मंगलवार को भी दर्जनों गांव की बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे भीषण गर्मी में लोग परेशान रहे। बिजली के अभाव में छह पानी टंकियों के शो-पीस बने रहने से पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। बिजली के अभाव में तरह-तरह की दिक्कतों से परेशान लोग बिजली विभाग को कोसते रहे।
शनिवार की शाम करीब चार बजे कुंडेसर विद्युत उपकेंद्र पर लगा मेन ट्रांसफार्मर जल गया था। इसकी वजह से शेरपुर, कबीरपुर, कुंडेसर, पखनपुरा, रानीप़ुर, महेशपुर, लखीमपुर, बभनपुरा, मलिकपुरा, बालापुर, अवथही सहित करीब 65 गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। ट्रांसफार्मर को बदलकर चौथे दिन मंगलवार को भी आपूर्ति शुरू नहीं की गई। इससे भीषण गर्मी में लोग परेशान रहे। बिजली के अभाव में भीषण गर्मी में कूलर-पंखा न चलने से न तो लोग चैन से बैठ पा रहे हैं और न ही रात में चैन की नींद सो पा रहे हैं। अनापूर्ति की वजह से शेरपुर खुर्द, कुंडेसर, शेरपुर कला, बालापुर, पखनपुरा और सुखडेहरा में स्थित पानी टंकी से पेयजय आपूर्ति ठप है। इससे पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। प्यास बुझाने के लिए लोग घरों के आसपास स्थित हैंडपंपों और कुओं तक की दौड़ लगाने को विवश हैं। थोड़ा-बहुत पानी की व्यवस्था कर किसी तरह से काम चला रहे है। चार्ज न होने से अधिकांश लोगों के मोबाइल बंद हो गए है, जिससे ऐसे लोगों को उलझन हो रही है। वहीं कई लोग मोबाइल को चार्ज करने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों की दौड़ लगा रहे हैं। मंगलवार की देर शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी थी।