जनपद में लाइफ-लाइन का कार्य कर रही 108/ 102 एंबुलेंस ने अभी तक लाखों लोगों को लाभान्वित किया है। तत्काल चिकित्सकीय सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से शासन की ओर से उतारे गए इस सेवा का लाभ लोगों तक मिल पा रहा है। शुक्रवार रायफल क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान रीजनल मैनेजर अभिषेक त्रिपाठी और नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. डीपी सिन्हा ने इसके कार्य पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जनपदों में 108 एंबुलेंस सेवा की शुरुआत बीते 14 सितंबर वर्ष 2012 को हुई थी। जनपद को 27 एंबुलेंस मिली थीं। अभी तक इस एंबुलेंस ने एक लाख से अधिक लोगों को अपनी सेवा पहुंचाई है। इसमें सड़क दुर्घंटना के दस हजार 86, तेज पेट दर्द के 22 हजार 68, श्वास संबंधी के सात हजार आठ, हृदय रोग के पांच हजार 466, बुखार के नौ हजार 242, बेहोशी के सात हजार 87 सहित अन्य आपातकालीन मामलों के लाभार्थी शामिल हैं। बताया कि इसी तरह 102 एंबुलेंसों की संख्या जनपद में 42 है। इस सेवा का जिले में पांच लाख को लाभ मिला है। इसके साथ ही यह एंबुलेंस सेवा चलता-फिरता प्रसव रूम भी साबित हुआ है। अभी तक 194 गर्भवती महिलाओं का प्रसव हो चुका है।