जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा की कापियों का मूल्यांकन पांचवें दिन बुधवार को तीन केंद्रों पर शुरू हो गया। जबकि एक केंद्र पर संगठन के नेताओं ने उप प्रधान परीक्षक के हाथ से आवंटित बंडल को छीन लिया और कोठार में ले जाकर फेंक दिया। इस बीच मौके पर शिक्षकों और नेताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। इसके अलावा, शेष तीन केंद्रों पर विरोध और प्रदर्शन के कारण एक भी कापी जांची नहीं जा सकी।
बुधवार को शहीद स्मारक इंटर कालेज नंदगंज केंद्र पर 3090 कापियों का मूल्यांकन हुआ। राजकीय सिटी इंटर कालेज गाजीपुर केंद्र पर 163 और राजकीय बालिका इंटर कालेज गाजीपुर केंद्र पर 58 कापियों का मूल्यांकन किया गया। अब तक जिले में 3311 कापियों का मूल्यांकन किया जा चुका है। बापू इंटर कालेज सादात के मूल्यांकन केंद्र पर कापी जांचने के लिए दर्जनों शिक्षक मौजूद थे। शिक्षक कोठार से कापियों को आवंटित करने की मांग कर रहे थे। तभी पर्यवेक्षक रामअवतार यादव और पुष्पलता श्रीवास्तव वहां पहुंच गए। उन्होंने उप प्रधान परीक्षक गोपीनाथ मौर्य को कोठार से विज्ञान विषय का एक बंडल आवंटित करा दिया। वह कापी लेकर कमरा संख्या 24 में चले गए। उनके साथ कई परीक्षक भी थे। वह कापी का बंडल खोल रहे थे तभी कुछ शिक्षक नेता वहां पहुंच गए। शिक्षक नेता उनको कापी जांचने से रोकने लगे। उनके न मानने पर तीनों नेता उनके हाथ से बंडल की छीना-झपटी करने लगे। कापियां फटने के डर से उन्होंने बंडल को छोड़ दिया। उसे लेकर तीनों नेता कोठार में गए और वहीं फेंक दिया। इसके बाद चार बजे तक शिक्षक वहां उपस्थित होकर कापियों के आवंटन का इंतजार करते रहे लेकिन कापियां न मिलने से वह वापस लौट गए।