भीमापार (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के मंगारी गांव स्थित दलित बस्ती में बुधवार को सास-बहू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें आंगनबाड़ी, आशा और गांव की सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया। इसमें सभी को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही सास और बहुओं में सहयोग पूर्ण भाव बनाए रखने पर जोर दिया गया।
इस मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिर्जापुर पर तैनात ब्लॉक प्रबंधन अधिकारी सोनल श्रीवास्तव ने शासन की ओर से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए परिवार नियोजन अपनाना जरूरी है। उन्होंने विवाह की सही उम्र तथा दो बच्चों के बीच का अंतर रखने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। परिवार नियोजन के स्थाई एवं अस्थायी साधनों के बारे में चर्चा करते हुए महिलाओं के गर्भ धारण से लेकर शिशु जन्म तक के टीकाकरण एवं उसकी देखभाल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कहा कि सास-बहू के मीठे एवं सहयोगपूर्ण संबंधों की आधारशिला पर ही स्वस्थ शिशु एवं सुरक्षित गर्भ की कल्पना साकार होगी। शिशु के जन्म के समय से छह माह तक स्तनपान कराने पर विशेष ध्यान रखने की सलाह देने के साथ ही साफ-सफाई रखने पर विशेष बल दिया। अध्यक्षता कर रही ग्राम प्रधान उर्मिला सिंह ने कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। आयोजक की तरफ से सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं को उपहार भेंट किया गया। कार्यक्रम में सास-बहू के साथ ही आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।