दिलदारनगर (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के पूरब स्थित रेल पटरी गुरुवार की देर रात चटक गई। इस चटकी रेल पटरी से कई महत्वपूर्ण ट्रेनें गुजर भी गई। लेकिन संयोग अच्छा रहा की रेल पटरी अलग नहीं हुई और न ही कोई हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो चटकी रेल पटरी के पास ही क्लैंप बंधा हुआ था, जिसके कारण हादसा होने से बाल-बाल बच गया और परिचालन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
शुक्रवार की सुबह की-मैन रामशरण की नजर जब चटकी रेल पटरी पर पड़ी तो उसने तत्काल उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद कंट्रोल के निर्देश पर पहुंचे रेलपथ विभाग के कर्मचारियों ने चटकी रेल पटरी की मरम्मत की। तब जाकर डाउन लाइन की सभी ट्रेनों को काशन के जरिए डाउन लूप लाइन से गुजारा गया। जबकि परिचालन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और दुर्घटना होने से बच गई। तब अधिकारियों ने राहत की सांस ली। रेल सूत्रों के अनुसार स्टेशन से सटे बाजार के पास स्थित रेल फाटक के पूरब दिशा में गुरुवार की रात डाउन मेन लाइन में क्लैंप बंधे रेल पटरी के पास पटरी अचानक चटक गई थी। पूरी रात महत्वपूर्ण ट्रेनें गुजरती रहीं, लेकिन शुक्रवार की सुबह की-मैन रामशरण की नजर चटकी रेल पटरी पर पड़ी, तो इसकी सूचना दानापुर रेलवे कंट्रोल रूम को दी गई। इस संबंध में सहायक अभियंता अखेलेश्वर प्रसाद ने बताया कि इससे परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। कुछ ही घंटे में पटरी को दुरुस्त कर लिया गया है।