पकडे गए आरोपियों से पुछताछ करती जमानिया कोतवाली पुलिस। संवाद
गाजीपुर। सड़क किनारे, पार्कों में या शराब की दुकानों के आसपास खुलेआम जाम छलकाने वालों पर पुलिस ने तीन दिनों तक विशेष अभियान चलाया। इसमें जिले भर से 2130 लोगों को पकड़कर पूछताछ की गई, इनमें 1460 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं 670 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया।
एसपी डॉ.ईरज राजा ने बताया कि 19 से 21 जून तक चलाए गए अभियान का मकसद सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, हुड़दंग और महिला सुरक्षा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाना था। सबसे अधिक कार्रवाई जमानिया सर्किल में हुई, जहां तीन दिनों में 756 लोगों को पकड़ा गया।
इनमें 536 लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। वहीं नगर सर्किल में 298, भुड़कुड़ा में 385, सैदपुर में 175, कासिमाबाद में 100 और मुहम्मदाबाद सर्किल में 344 लोगों को पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ा।
इस बारे में एसपी ने बताया कि सैदपुर सर्किल की कार्रवाई सबसे सख्त रही। यहां पकड़े गए सभी 175 लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई और किसी को भी चेतावनी देकर नहीं छोड़ा गया।