संघमित्रा एक्सप्रेस का इंजन फेल
दो घंटे बाधित रहा रेल यातायात
अमर उजाला ब्यूरो
दिलदारनगर। पूर्व मध्य रेलवे दानापुर मंडल के जमानिया स्टेशन के समीप गुरुवार की सुबह डाउन संघमित्रा एक्स का इंजन फेल हो गया। इससे डाउन लाइन में करीब दो घंटा तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। बाद में दूसरा इंजन आने पर गाड़ी को जमानिया लूप लाइन में ला कर खड़ा किया गया। इस दौरान इस रूट पर चल रही करीब आधा दर्जन ट्रेनों को जहां तहां खड़ा कर दिया गया।
गुरुवार को बंगलुरु से पटना जा रही संघमित्रा एक्सप्रेस सुबह करीब छह बजे जैसे ही जमानिया स्टेशन के समीप पहुंची कि उसका इंजन फेल हो गया। इसके बाद ट्रेन के पायलट ने वाकी टाकी से इसकी जानकारी जमानिया स्टेशन के साथ दानापुर नियंत्रण कक्ष को दिया। नियंत्रण कक्ष की सूचना पर सकलडीहा लूप लाइन में खड़ी एक मालगाड़ी के इंजन को मौके पर भेजा गया। रेलवे के कर्मचारियों ने इंजन को संघमित्रा एक्स जो जोड़ा तथा गाड़ी को पीछे से पुश करके जामानिया लूप लाइन में लाया गया। करीब आठ बजे यह रुट सामान्य हुआ। इस घटना के चलते डाउन में श्रमजीवी एक्स, पटना-काशी जन शताब्दी एक्स, ताड़ीघाट पैसेंजर , डीडीयू- पटना पैसेंजर, मगध एक्स इत्यादि ट्रेने जहां- तहां खड़ी कर दी गईं। परिचालन निरीक्षक संजय प्रसाद ने बताया कि संघमित्रा का इंजन फेल होने से दो घंटा परिचालन बाधित रहा।