गाजीपुर। अखिल भारतीय किसान महासभा की ओर से झींगुरपट्टी के भगत सिंह पार्क में चलाया जा रहा आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहा। लगातार आंदोलन के बाद भी शासन प्रशासन की उपेक्षा से नाराज किसानों ने सोमवार की शाम को मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान सभी किसानों का सही हक दिलाए जाने की मांग कर रहे थे।
मशाल जुलूस झींगुरपट्टी से प्रारंभ होकर फूलपुर, गाजीपुर घाट, सुखदेवपुर चौराहा, जमलापुर, तुलसियापुल, नखास, झंडातर , नबाबा साहब का फाटक, रूई मंडी होते हुए फिर भगत सिंह पार्क पर आ कर समाप्त हुई। इस दौरान अधिग्रहण से प्रभावित किसान हाथों में झंडा, बैनर ले कर चल रहे थे। जबरिया लूट बंद करो तथा जमीन हमारी- मनमानी तुम्हारी, नहीं चलेगी-नहीं चलेगी, के नारे लगाते हुए चल रहे थे। बाद में सभा स्थल पर ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि मोदी-योगी की सरकार मिल-जुलकर किसानों को बे मौत मार रही है। गलत नीतियों के कारण हर ओर किसान तबाह हो रहे हैं। अन्य वक्ताओं ने कहा कि रेलवे के लिए अधिग्रहण के नाम पर हमारी जमीन को लूटा जा रहा है। अगर सरकार नियम के मुताबिक सही रेट पर मुआवजा देती तो हमें बहुत खुशी होती। लेकिन यह सरकार मनमाने ढंग से कीमत लगा रही है। किसानों की बदहाली एक गंभीर समस्या है। 29-30 नवंबर को देश के लाखों किसान दिल्ली घेरने की तैयारी कर रहे हैं। इस मौके पर मोती प्रधान, प्रमोद कुशवाहा, राजेश कुशवाहा, संदीप कुशवाहा, दीनानाथ कुशवाहा, चंद्रदेव, सनफूला देवी, मोहन, गंगासागर कुशवाहा, राजन आदि मौजूद रहे।