मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। रामलीला समिति मुहम्मदाबाद के तत्वावधान में रविवार की रात चौक स्थित राम चबूतरा पर भरत मिलाप का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इसमें चारो भाइयों का मिलन देख उपस्थित लोगों के नयन सजल हो गए। चारो भइयन के जयकारे से पूरा इलाका गूंज उठा।
नगर के चौक मुहल्ला स्थित रामचबूतरा पर लंका से रावण वध करने के बाद 14 वर्ष का वनवास काट कर भगवान श्रीराम अपने छोटे भाई लक्ष्मण, सीेता एवं अपनी वानरी सेना के साथ आयोध्या पहुंचने पर राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के आपस में गले मिलते ही उपस्थित लोगों ने जय श्रीराम का उद्घोष किया। चारो भाइयों का मिलन देख कर वहां उपस्थित लोगों की आंखें भर आईं। लोगों ने चारो भाइयों के ऊपर पुष्प वर्षा कर आरती उतारी। राम की भूमिका में विशाल पांडेय, लक्ष्मण की भूमिका पवन पांडेय, भरत की कृष्णमोहन पांडेय एवं शत्रुघ्न की भूमिका विनय कुमार पांडेय ने निभाई। इसके अलावा शनी पांडेय सीता एवं विन्ध्याचल चौहान ने हनुमान की भूमिका अदा की। इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष ओपी गिरी, उपाध्यक्ष पियूष राय लाला, शशिप्रकाश पांडेय, महामंत्री केडी राय, प्रबंधक पप्पू पांडेय एवं डायरेक्टर रविप्रकाश पांडेय आदि उपस्थित थे।