गाजीपुर। विशेष परिस्थिति में दंगाइयों पर काबू पाने के लिए रविवार को पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास किया गया। एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में सीओ जमानिया आरबी सिंह ने सभी पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान जंगीपुर थानाध्यक्ष सुरेंद्र यादव फायर करने में अन्य थानाध्यक्षों से बेहतर रहे।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण के पूर्वाभ्यास के लिए जिले के सभी थानाध्यक्ष, उनके थानों के एक-एक एसआई तथा दो-दो पुलिसकर्मियों को बुलाया गया था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस लाइन के मैदान में पुलिसकर्मी उतर पड़े। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सीओ जमानिया ने प्रशिक्षण देना शुरू किया। दौरान दंगाइयों से निबटने, अपनी आत्मरक्षा करने के गुर सिखाए गए। बाद में गोला फेंकने, वाटर कैनन से पानी की बौछार करने, आंसू गैस छोड़ने, रबर की गोलियां दागी गई। पुलिस कप्तान सोमेन वर्मा ने अपने हाथों आंसू गैस के गोले दागे तो एसडीएम सदर विनय कुमार गुप्त एवं एसडीएम मुहम्मदाबाद ज्ञानप्रकाश यादव ने भी अपना हाथ आजमाया, लेकिन एसओ जंगीपुर सुरेंद्र यादव इसमें सबसे आगे रहे। उनका गोला सटीक जगह पर जाकर गिरा। अन्य थानेदारों ने नाइन एमएम तथा प्वांइट थ्री एट पिस्टल से निशाने साधे। डीएम के बाला जी फायरिंग करने से मना कर दिए। जबकि सभी थानाध्यक्षों, सीओ ने रबर की गोलियों के साथ ही पिस्टल से फायरिंग किया। कुल करीब दो घंटे तक चले इस पूर्वाभ्यास में पंप एक्शन गन सहित अन्य जरूरी असलहे भी चले। मालूम हो कि जिले में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने की चुनौती आ पड़ी है।