भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) तथा युवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सरजू पांडेय पार्क में धरना दिया। इस मौके पर भाकपा माले के जिला सचिव रामप्यारे राम ने कहा कि कानून के राज का भरोसा दिलाकर प्रदेश में आई योगी सरकार में अपराधियों और माफियाओं का बोलबाला है। प्रदेश में अपराध की घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या, गैंगरेप, लूट और दलित उत्पीड़न की घटनाओं की बाढ़ सी आ गई है। अपराधी और माफिया सरकार चला रहे हैं। दलितों पर हमले की घटनाएं आम बात हो गई हैं। इलाहाबाद में दलित छात्र दिलीप सरोज के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा देने, मृतक के आश्रित परिवार को 50 लाख मुआवजा देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी के शासन में साम्प्रदायिक उन्माद का माहौल बनाया जा रहा है। सरकार संविधान और लोकतंत्र पर हमले कर रही है। दो करोड़ बेरोजगार नवजवानों को प्रतिवर्ष रोजगार देने का वादा करने वाली यह सरकार पकौड़ा बेचने को रोजगार बताकर देश के सबसे ऊर्जावान हिस्से को नशे और अपराध की अंधी गली में ढकेल रही है। रोजगार देने के सवाल से वादाखिलाफी कर रही है। अंत में राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन सक्षम अधिकारी को सौंपा गया। इस मौके पर राजेश बनवासी, मोती प्रधान, प्रमोद कुशवाहा, तेजबहादुर राम, इन्नौस जिलाध्यक्ष मनोज कुशवाहा, लालजी बनवासी, राजेश बिंद, मंजू गोड़, मो. समीर, सत्येंद्र कुमार ने भी अपना विचार व्यक्त किया।