गाजीपुर-जमानिया-सैयदराजा मार्ग पर राघोपुर के पास भूमिगत पाइप जाम होने से पानी सड़क पर मौजूद गड्ढे में जमा हो रहा था। पानी भरे गड्ढे में आएदिन ट्रक फंससे थे और जाम लगता था। यह समस्या महीनों से बनी हुई थी। 26 दिसंबर के अंक में अमर उजाला ने लगातार जाम लगने की खबर प्रकाशित की। इसके बाद विभाग हरकत में आया। मंगलवार को एनएचआई के प्रबंधक देवराज शर्मा ने मौका मुआयना किया और तत्काल प्रभाव से राघोपुर के पास एनएच पर जाम पाइप को जेसीबी के मदद से निकलवाकर उसकी जगह पर नई पाइप लगवाई।
प्रबंधक देवराज शर्मा ने बताया कि इस सडक का प्राकलन बनाकर भेजा गया है। जल्द ही इस पर कार्य शुरू होगा और गड्ढों में तब्दील हुई सड़क को पूरी तरह से दुरुस्त कराया जाएगा। वर्तमान समय में आवागमन बाधित न हो, इसको ध्यान में रखा जा रहा है लेकिन यह सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसमें विभाग द्वारा कोई भी काम ऊंट के मुंह में जीरा ही साबित हो रहा है। लगातार लग रहे जाम को देखते हुए राघोपुर के पास एनएच के नीचे से गुजर रहे पाइप के जाम हो जाने से गांव की नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहकर गड्ढों में एकत्र हो रहा था, जिससे आएदिन वाहन फंसते थे और जाम लगता था। इस समस्या से छुटकारा के लिए जाम पाइप को बदलवा दिया गया है। अब गांव की ना लियों का पानी सड़क पर नहीं बहेगा। पाइप बिछाने के दौरान एनएच आई द्वारा सड़क पर आवागमन ठप करा दिया गया था। इससे दोनों तरफ वाहनों की लम्बी लाइन लगी रही। काम पूरा होने पर शाम करीब छह बजे आवागमन सुचारू हो सका।