गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में सुजावलपुर पुलिस चौकी के पास सोमवार की रात शट डाउन लेकर टूटे तार को जोड़ते समय सप्लाई शुरू हो गई। इससे करेंट लगने से संविदा कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। वाराणसी में उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
शहर के जमलापुर निवासी संविदा कर्मी सुरेश कुशवाहा (28) रौजा विद्युत उपकेंद्र पर तैनात था। रात में करीब 11 बजे विद्युत उपकेंद्र से शट डाउन लेकर रजदेपुर पुलिस चौकी के पास टूटे तार को जोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक सप्लाई शुरू हो गई, जिससे करेंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोग आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले गए। जानकारी होते ही परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। दुर्घटना के बाद विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ फरार हो गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी में उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मौत की खबर आते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। परिवार के लोगों की चीख-पुकार सुनकर पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए और बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। इस संबंध में नगर एसडीओ शिवम राय ने कहा कि संविदा कर्मी लाइन बंद कराकर तार जोड़ रहा था। इसी दौरान सप्लाई शुरू हो गई। सप्लाई कैसे चालू हुई, इसकी जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर ड्यूटी पर तैनात एसएसओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसी घटनाओं में विभाग की तरफ से जो भी मुआवजा मिलता है, उसे मृतक के परिवार को दिलाया जाएगा।