मरदह (गाजीपुर)। स्थानीय विकासखंड के हैदरगंज गांव के राजभर बस्ती और चौहान बस्ती के बीच स्थित पनसेरवा- गांई (नहर) राजवाहा पर वर्षों से गुहार लगाने के बावजूद भी पुलिया निर्माण नहीं होने पर मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पुलिया निर्माण नहीं होने से किसानों को अपने खेतों की देखभाल करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोग बांस का पुल बनाकर किसी तरह से आते-जाते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि किसानों की खेती योग्य भूमि नहर के पार है। जब नहर में पानी रहता है तो लोगों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ती है। खासकर महिलाओं को भी काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा सिर्फ आश्वासन ही दिया गया। इस मौके पर महेंद्र, राजेश, गिरजा, हरिचरन, दिनेश, रामबली, सुमेर, कुमार, कन्हैया, चंद्रिका, कांता , महंगू, हरेंद्र, रामजन्म, कैलाश, मुसाफिर, ओमप्रकाश, शेषनाथ, रामप्रसाद, रामअवतार आदि ने जनप्रतिनिधियों और उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है।