गाजीपुर। अनंत चतुर्दशी पर मनिहारी ब्लॉक के चौरा में गांव में ग्राम संतोष यादव द्वारा विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के साथ गैर जनपदों के पहलवानों ने अखाड़ा पर दांव लगाया। वाराणसी के विपिन और देवरिया का नगेंद्र पवान की 11 हजार इनाम की कुश्ती बराबरी पर छूटी।
प्रतियोगिता में गाजीपुर के अलावा वाराणसी, जौनपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर सहित अन्य जिले के पहलवानों भाग लिया। सबसे अपनी-अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। अधिकांश कुश्ती बराबरी पर छूटी। सबसे रोचक कुश्ती वाराणसी के विपिन पहलवान तथा देवरिया के नगेंद्र पहलवान के बीच हुई। 11 हजार की यह इनामी कुश्ती 20 मिनट तक होते हुए बराबरी पर छूटी। दूसरी कुश्ती गाजीपुर के छट्ठू पहलवान तथा आजमगढ़ के रामनरेश पहलवान के बीच हुई, जिसमें राम नरेश पहलवान ने छट्ठू पहलवान को पटकनी देते हुए विजय हासिल की। इससे पहले कुश्ती का उद्घाटन मुख्य अतिथि जंगीपुर के विधायक डा. विरेंद्र यादव ने पहलवानों का हाथ मिलाकर किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि कुश्ती से युवा वर्ग अपनी प्रतिभा को आगे ले जाता है। सरकारों को अन्य खेलों की तरह कुश्ती के खेल को भी बढ़ावा देना चाहिए। इसके लिए संसाधन उपलब्ध कराना चाहि। कहा कि जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी तो गाजीपुर में खेल के लिए एक स्टेडियम बनवाने के लिए शासन से प्रस्ताव भेजा था, जिस पर आज वर्तमान सरकार कुछ भी नहीं कर रही है। इसके लिए मैं विधानसभा में आवाज उठाऊंगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय यादव, शोभनाथ यादव, दिनेश यादव, बाढ़ू यादव आदि मौजूद थे। अंत में आयोजक चौरा गांव के ग्राम प्रधान संतोष यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।