गाजीपुर। शहर के अंधऊ बाईपास मार्ग पर बड़ीबाग कॉलोनी की सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। मार्ग पर मौजूद गड्ढों में हफ्तों से बारिश का पानी भरा था। इसको लेकर आवागमन करने वालों के साथ ही कालोनी के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मार्ग की मरम्मत को लेकर कुछ दिन पहले मुहल्ला निवासी समाजसेवी विवेक सिंह शम्मी के साथ ही बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन के बाद पीडब्लूडी ने मार्ग को समतल करने का कार्य प्रारंभ कर दिया।
अंधऊ बाईपास मार्ग पर चौबीसों घंटा आवागमन का दबाव बना रहता है। बड़ीबाग कालोनी के पास नालियों के जाम होने से हर समय पानी सड़क पर लगने से मार्ग पर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। मार्ग पर पानी के अंदर मौजूद गड्ढों की जिन लोगों को जानकारी होती थी, वे तो आराम से निकल जाते थे, लेकिन जिन्हें गड्ढों की जानकारी नहीं होती थी, वे गिरकर घायल होते रहते थे। स्कूल आने-जाने के दौरान कई बच्चे भी गड्ढे की वजह से गंदे पानी में गिर गए। मुहल्लावासियों ने कई बार नगरपालिका से नालियों की सफाई कराने और मार्ग के गड्ढों को भरवाने की मांग की, लेकिन विभाग मौन रहा। इस प्रदर्शन के बाद शनिवार से पीडब्लूयू विभाग ने सड़क को समतल करने का कार्य प्रारंभ कर दिया। गड्ढों में गिट्टी डालकर उसे रोलर से दबाया जा रहा है। इससे मुहल्लावासियों में प्रसन्नता है।