जमानिया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सकुशल कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार वाहन चेकिंग एवं गश्त आदि की जा रही है। पुलिस ने बुधवार को 20 वाहनों का चालान किया।
प्रतीक चिन्ह आवंटन के लिए आए प्रत्याशियों के वाहन सड़क के किनारे जहां तहां खड़े होने से जाम लग गया था। इसके बाद पुलिस ने इन वाहनों का ई-चालान किया। जैसे जैसे लोगों के मोबाइल पर पुलिस द्वारा किए गए चालान का मैसेज पहुंचा लोग अपने वाहनों के पास पहुंचे और वाहन को हटाया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद विकासखंड जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से खाली हो गया। इस दौरान मास्क न लगाने वालों सहित पुलिस को देख कर मास्क लगाने वालों को कड़ी फटकार लगायी। कोतवाल रविंद्रभूषण मौर्य ने कहा कि कोविड महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में सोशल डिस्टेंसिंग सहित मास्क का प्रयोग जरूरी है। उन्होंने लाउड हेलर से दो गज दूरी मास्क है जरूरी स्लोगन को बार-बार दोहराया और लोगों को इस फार्मूले को याद कराया। इस दौरान मास्क न लगाने पर कानूनी कार्रवाई के बारे में भी विस्तार से बताया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक मंशाराम गुप्ता हेड कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह आदि पुलिस कर्मी मौजूद थे।