पंचायत चुनाव के दूसरे दौर के द्वितीय चरण के नामांकन के प्रथम दिन गुरुवार को 1949 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। प्रधान पद के लिए 1140 और सदस्य पद के लिए 809 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। दूसरे चरण में सदर, रेवतीपुर, भदौरा और जमानिया ब्लाक में 1 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा।
सदर, रेवतीपुर, जमानिया और भदौरा विकास खंड के प्रधान पद की 252 एवं सदस्य पद की 3308 सीट के लिए पहली दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। इन चारों विकास खंडों में गुरुवार से शुरू हुए नामांकन कार्य के पहले बड़ी संख्या में प्रधान और सदस्य पद के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने नामांकन किया।
सदर ब्लाक के आरओ राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि नामांकन के प्रथम दिन प्रधान पद के लिए 423 एवं सदस्य पद के लिए 189 उम्मीदवारों के तरफ से नामांकन किया गया। सुहवल संवाददाता के अनुसार, आरओ बृजेश सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान के 215 और सदस्य पद के लिए 199 उम्मीदवारों ने ताल ठोंका। नामांकन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जमानिया संवाददाता के अनुसार, आरओ अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन के प्रथम दिन प्रधान पद के लिए 328 और सदस्य पद के लिए 324 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। भदौरा संवाददाता के अनुसार, आरओ रमेश चंद्र ने बताया कि ग्राम प्रधान के 174 और सदस्य पद के लिए 97 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। नामांकन के मद्देनजर चारों विकास खंडों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।