कासिमाबाद(गाजीपुर)। बिरनो विकासखंड के भोजापुर के ग्रामीणों ने राशन कार्ड सूची में पात्रों का नाम काटकर अपात्रों का नाम सम्मिलित करने के विरोध में सोमवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उप जिलाधिकारी को पत्रक देकर कार्रवाई की मांग की। उप जिलाधिकारी मंशाराम वर्मा ने आरोप की जांच कराकर मामले को निस्तारित कराने का आश्वासन दिया।
तहसील परिसर में बिरनो विकासखंड के भोजापुर गांव के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के कोटेदार मंगरी देवी और रामजन्म गांव सभा की राशन सूची में अपात्रों का नाम सम्मिलित कराकर उन्हें राशन दे दे रहे हैं। जबकि बार-बार पात्रों का सूची से नाम हटवा दिया जा रहा है। यही नहीं राशन को खुले बाजार में बेच दिया जा रहा है। अगर जल्द उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाता है तो वह प्रशासन के विरुद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। आरोप संबंधी पत्रक उपजिलाधिकारी मंशाराम वर्मा को देते हुए त्वरित कार्रवाई कराने की मांग की। इस दौरान गांव सभा के मुरारी, चंपा, देवनाथ, बेचनी, छोटी, शांति, मुरली, सुभावती, लालमुनी आदि पत्रक सौंपते समय उपस्थित रहे। उप जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से जांच कराकर मामले को निस्तारित कराने का आश्वासन दिया।