जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव के पूर्व ओर स्थित ग्रामसभा की भूमि पर रविवार की सुबह कुछ लोग कब्जा करने के लिए चहारदीवारी का निर्माण करा रहे थे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्य को रुकवा दिया। करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।
मुहम्मदपुर गांव में सरकारी भूमि पर पहले से बने मंदिर और बगल में कब्रिस्तान को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। दोनों पक्षों द्वारा न्यायालय में भी वाद विचाराधीन है। जबकि दोनों पक्षों में से भूमि किसी कि नहीं है। यह भूमि ग्रामसभा के भीटा के नाम पर दर्ज है। रविवार की सुबह कब्रिस्तान की भूमि पर कुछ लोगों ने चहारदीवारी का निर्माण कराना शुरू दिया और रास्ता तक बंद कर दिया। इस कब्रिस्तान के बगल में खेल का मैदान स्थित है। दोनों के बीच से सार्वजनिक रास्ता है। कब्जा करने के दौरान बीच के रास्ते का भी ख्याल नहीं रखा गया। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही काम कर रहे मजदूर के साथ ही अन्य खिसक गए। क्षेत्राधिकारी आरबी सिंह के निर्देश पर पुलिस आसपास खड़े दर्जनों लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। इस संबंध में उपजिलाधिकारी विनय कुमार गुप्ता ने बताया कि सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किया जा रहा था, जिन्हें चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है। नियमसंगत धाराओं में जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी को कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। उधर इस घटना के चलते गांव वासियों में घंटों अफरातफरी मची रही।