जमानिया। गुप्ताधाम में पिछले दिनों डूबकर हुई मौत के बाद कोतवाली क्षेत्र के बेटाबर ग्रामसभा तिवारीपुर गांव निवासी युवक का शव शुक्रवार की भोर में उसके घर पहुंचा। शव पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बेटाबर ग्रामसभा के तिवारीपुर गांव निवासी छांगुर यादव का पुत्र धर्मेंद्र यादव (30) 28 जुलाई को गुप्ता धाम गाड़ी मालिक के साथ गया था। 30 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे गुप्ताधाम से जलाभिषेक कर लौट रहा था। नदी पार करते समय बंधी रस्सी हाथ से छूट जाने के कारण वह तेज धार में बह गया था। साथ गए लोगों ने इसकी सूचना परिवार वालों को दी थी। इस सूचना पर परिवार के लोग गुप्ताधाम के लिए रवाना हो गए थे। गुरुवार की शाम धर्मेंद्र का शव बरामद हुआ। बिहार के सासाराम जिला मुख्यालय से पोस्टमार्टम कराने के बाद शुक्रवार की भोर करीब तीन बजे लोग शव लेकर घर आए। बलुआ गंगा घाट पर युवक का अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि पिता छांगुर ने दी।