सेवराई (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के भदौरा ब्लाक अंतर्गत गोड़सरा गांव में ग्रामीणों द्वारा तालाब खुदाई में अनियमितता के आरोप के बाद श्रम आयुक्त के आदेश पर डीसी मनरेगा की अध्यक्षता में जांच दल ने सोमवार की शाम मौके पर पहुंचकर तालाब खुदाई का मौका मुआयना किया।
तहसील क्षेत्र के भदौरा ब्लाक अंतर्गत गोड़सरा गांव में मनरेगा के अंतर्गत तालाब खुदाई के किए जा रहे कार्य में मानक के विपरीत कार्य कराने का आरोप लगाते हुए गांव के ही राशिद खान आदि ग्रामीणों ने विगत दिनों श्रम आयुक्त से लिखित शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि गांव में कराए जा रहे तालाब खुदाई के कार्य में मानक के विपरीत कार्य किया जा रहा है। शिकायत को श्रम आयुक्त ने डीसी मनरेगा महेश नारायण पांडेय की अध्यक्षता में जांच समिति गठित कर निष्पक्ष जांच का आदेश दिया। सोमवार को एपीओ मनीष सिंह, सचिव राधेश्याम यादव सहित तीन सदस्यीय टीम ने गोड़सरा गांव अंतर्गत तालाब खुदाई के कार्य का मौका मुआयना किया। अधिकारियों ने तालाब की लगभग दो घंटे तक गहन जांच की। इस संदर्भ में डीसी मनरेगा महेश नारायण पांडेय ने बताया कि ग्राम सभा में मनरेगा के तहत हो रहे तालाब खुदाई के कार्य में अनियमितता की शिकायत मिली थी। जांच टीम ने मौके का मुआयना कर जांच की। जांच रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को सौंपी जाएगी।