जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली द्वारा अवैध वसूली, विद्युत विभाग की ओर से चेकिंग के नाम पर धनउगाही और बैंकों की तरफ से सिक्का न लेने के विरोध में शनिवार को प्राचीन रामलीला समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में दूकानदारों ने रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन किया। इस मौके पर अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने उपजिलाधिकारी को पत्रक सौंपते हुए कहा कि अगर व्यापारियों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो वह लोगों के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगे।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। पुलिस की तरफ से व्यापारियों से अवैध ढंग से वसूली का जा रही है। विद्युत विभाग की ओर से जांच के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान करने के साथ ही उनसे धनउगाही की जा रही है। नगर में स्थित विभिन्न बैंकों की तरफ से सिक्का नहीं लिया जा रहा है, इससे लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। सिक्कों को लेने और देने को लेकर दूकानदारों और ग्राहकों की किचकिच हो रही है। बैंक इस समस्या को लेकर जरा भी गंभीर नहीं हैं, जिसका खामियाजा दूकानदारों और ग्राहकों को भुगतना पड़ रहा है। अंत में समिति के अध्यक्ष ने मांगों से संबंधित पत्रक उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाश मिश्रा को सौंपा। चेतावनी दिया कि अगर सप्ताह के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह लोगों के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द से जल्द निस्तारण करा दिया जागा। इस मौके पर रमाशंकर पांडेय, सुनीलकुमार गोंड, शिवम पांडेय, राज वर्मा, उदय पांडेय, रमाशंकर, दयाशंकर राम, मो. कलीम, अनिल पांडेय, जितेंद्र कुमार जायसवाल, मिर्जा शाहिद बेग, एकबाल खां आदि मौजूद रहे।