नंदगंज। एक तरफ जहां प्रदेश सरकार ने जले ट्रांसफार्मरों को बदलने के लिए 24 घंटे का फरमान जारी किया है, वहीं आसपास के लगभग दर्जनभर गांवों में जले ट्रांसफार्मरों को 15 दिन बाद भी नहीं बदला गया है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों में विभाग के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है। जल्द पहल नहीं होने पर लोगों का गुस्सा कभी भी सड़क पर फूट सकता है।
क्षेत्र के विश्रामपुर में 25 केवी, पहलवानपुर में 10 केवी, रामपुर बंतरा में 25 केवी, सहेड़ी में 25 केवी, बहदुरा में 25 केवी, दोवपुर में 25 केवी, सिहोरी में 25 केवी, चिलार में 25 केवी, मुड़कटनी में 25 केवी के साथ ही नैसारा गांव में लगा सरकारी नलकूप संख्या-9 का 25 केवी का ट्रांसफार्मर 15 दिन से जला हुआ है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात होते ही गांव अंधेरे में डूब जाता है। घरों में प्रकाश के लिए महंगे दामों पर मिट्टी तेल से ढिबरी अथवा लालटेन जलाने को विवश होना पड़ रहा है। मोबाइल चार्ज करने के लिए इधर-उधर की दौड़ लगानी पड़ रही है। जिन लोगों ने इनवर्टर लगा रखा है, वह भी चार्ज न होने से बेमतलब साबित हो रहे हैं। खेती का काम भी प्रभावित हो रहा है। जले ट्रांसफार्मरों को बदले जाने के संबंध में एक सप्ताह पहले जेई रमेश कुमार ने बताया था कि ट्रांसफार्मरों को इस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। दो-तीन दिन के अंदर सभी ट्रांसफार्मरों को बदलकर आपूर्ति सुचारु करा दी जाएगी। बावजूद इसके आज तक बदला नहीं गया। ट्रांसफार्मरों को न बदले जाने से लोगों में विभाग के प्रति रोष गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरौली गांव में जले ट्रांसफार्मर को विभाग ने बदल दिया और बाकी को बदलवाने को लेकर गंभीर नहीं है। लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द ट्रांसफार्मरों को नहीं बदला गया तो वह विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।