गाजीपुर। डाक्टर समेत 19 की रिपोर्ट सोमवार की देर शाम सात बजे पॉजिटिव आई। जबकि दो कोरोना संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं होम आइसोलेट और कोविड सेंटर में भर्ती 3232 मरीज स्वस्थ होकर घर पहुंचे। ऐसे में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 3636 हो गई है। कोरोना संक्रमित 43 मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि कोविड संक्रमितों का आंकड़ा 361 पहुंच गया है। वहीं मेडिकल टीम ने 1446 संदिग्धों की जांच की।
कासिमाबाद तहसील के कौल पट्टी गांव निवासी एक व्यक्ति करीब एक वर्ष से हृदय रोग से पीडि़त थे। इनका निजी चिकित्सकों के पास उपचार चल रहा था। बीते दो माह से स्वास्थ्य काफी खराब था। परिजन मऊ में निजी चिकित्सक के पास इलाज करा रहे थे। परिवार के सदस्य उन्हें उपचार के लिए बीते 19 सितंबर को बीएचयू लेकर गए। जहां स्वैब सैंपलिंग हुई, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बीएचयू में बेड रिक्त ना होने पर कबीर चौरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर घर चले आए, जहां उनकी मौत हो गई। वहीं चवनपुर गांव का एक व्यक्ति बीते पांच वर्ष से गंभीर बीमारी से पीडि़त था। बीते नौ सितंबर को सर्दी-जुकाम की शिकायत हुई तो परिजन उपचार के लिए बीते 10 सितंबर को मऊ लेकर गए, जहां एंटीजन टेस्ट में रिपोर्ट निगेटिव आई। निजी डाक्टरों के सलाह पर दवा लेते रहे, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। परिवार के लोग उपचार के लिए लखनऊ लेकर गए, जहां स्वैब सैंपलिंग में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं देर शाम आई रिपोर्ट में ससना दो, सदर दो, मलिकपुरा एक, प्रकाश नगर दो, दिलदारनगर एक, महुआबाग एक, मुहम्मदाबाद एक, जमानिया पीएचसी का एक चिकित्सक, मीरपुर चार, मरदह एक, नगसर दो, पखनपुरा में एक कोरोना संक्रमित मिला। इस संबंध में प्रभारी सीएमओ डा. पीके कुशवाहा ने बताया कि 19 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जबकि दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।