रेवतीपुर। थाना क्षेत्र के अठहठा गांव में सोमवार की देर रात अज्ञात कारणों से एक मकान में आग लग गई। काफी प्रयास के बाद लोगों ने आग पर किसी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक 40 हजार नकदी समेत हजारों का टेंट का सामान आग की भेंट चढ़ गया।
इलाके के अठहठा गांव निवासी केशव यादव की टेंट हाउस की दुकान है। दुकान के साथ घर में भी उन्होंने भारी मात्रा में टेंट का सामान रखा था। रोज की तरह सोमवार की रात भी उनका परिवार मकान में सोया था। तभी रात में करीब एक बजे लोगों को कपड़ा जलने की गंध महसूस हुई। इससे उनकी नींद खुल गई। उस वक्त कमरे में आग लगी हुई थी और बरामदे में रखे टेंट का सामान जल रहा था। परिजन शोर मचाने लगे। आवाज सुन कर पास-पड़ोस के लोग दौड़े। आग बुझने तक हजारों की नकदी समेत अन्य सामान जल गया। पीड़ित केशव यादव ने बताया कि आग की घटना में टेंट हाउस का 150 पीस रजाई, 150 पीस तोशक चांदनी, तकिया 100 पीस, कुर्सी 50 पीस, सजावट का समान, डीजे साउंड के साथ ही 40 हजार नकदी जलकर राख हो गया।