सुहवल(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के चकिया उर्फ तकमजीठ गांव में सोमवार की देर शाम अज्ञात कारण से दो रिहायशी झोपड़ियों में आग लग गई। जबतक लोग आग पर काबू पाते, तब तक 10 हजार नकदी सहित हजारों का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। इस मामले में पीड़ित ने अज्ञात लोगों के खिलाफ झोपड़ी में आग लगाने की तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
क्षेत्र के चकिया उर्फ तकमजीठ निवासी बगेदू बिंद सोमवार की शाम परिवार के साथ खेत पर काम करने के लिए गए थे। इसी बीच शाम को उसे आग लगने की सूचना मिली। वह खेत से परिवार के साथ दौड़कर मौके पर पहुंचा तो देखा कि झोपड़ियों से आग की तेज लपटें उठ रही थी। जानकारी होते ही आस-पास के लोग भी घरों से बाहर निकल मौके पर पहुंच गए। शोर-शराबा के बीच हैंडपंप और पंप के सहारे आग पर काबू पाया गया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ियों में रखा हजारों रुपये नकदी सहित हजारों के गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने बताया कि आग की इस घटना में जानवरों का चारा, 10 हजार की नगदी, कपडा, पांच क्विंटल चावल, आटा, गेहूं, पांच बोरी खाद, पांच चारपाई, कागजात सहित घर-गृहस्थी का सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। पीड़ित ने पुलिस के साथ ही राजस्व विभाग को घटना की जानकारी दी। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ झोपड़ियों में आग लगाए जाने की तहरीर दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।