सुहवल(गाजीपुर)। ट्रांसफार्मर से कनेक्शन जोड़ने का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने रविवार की शाम स्थानीय गांव स्थित 33/11 ताड़ीघाट विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत प्राइवेट लाइनमैन की की पिटाई कर दी। इससे आक्रोशित कर्मचारियों ने पांचों फीडर की आपूर्ति ठप कर दी। इससे करीब 47 से अधिक गांव अंधेरे में डूब गए हैं। इस मामले में पीड़ित लाइनमैन ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे। 25 घंटे बाद बिजली का दर्शन होने पर परेशान लोगों ने ली राहत की सांस ली।
रविवार की शाम करीब चार बजे विद्युत सब-स्टेशन पर तैनात लाइनमैन शहजाद (35) से सुहवल गांव में कुछ लोगों ने जले 250 केवीए के ट्रांसफार्मर की शिकायत की थी। इस पर लाइनमैन आपूर्ति चालू करने के लिए गांव में पहुंचा और दूसरे ट्रांसफार्मर से कनेक्शन जोड़ने की तैयारी करने लगा। इसी बीच गांव के कुछ लोग उसे वहां पहुंचे और ट्रांसफार्मर से कनेक्शन जोड़ने से मना किया। इस पर लाइनमैन ने कहा कि कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा तो दर्जनों घरों की विद्युत आपूर्ति बहाल हो जाएगी। इतना सुनते ही वहां मौजूद कुछ लोगों ने चेतावनी देते हुए वहां से जाने के लिए कहा। ऐसा ना करने पर लाइनमैन की जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद लाइनमैन विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचा और अन्य कर्मचारियों के साथ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। थाने पहुंचा और तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। इसके बाद विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच नाराज कर्मचारियों ने पांचों फीडर की आपूर्ति ठप कर दी। इससे 47 से अधिक गांव अंधेरे में डूब गए, जिससे हजारों उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई। किसी तरह अनुनय -विनय के 25 घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू की गई। बिजली बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में थाने की पुलिस ने बताया कि पीड़ित लाइनमैन की तरफ से तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर मिली है। मामले की जांच जारी है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर विभागीय अधिकारियों ने चेतावनी दिया है कि यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी के बाला जी ने बताया कि किसी को भी कानून को अपने हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा। प्रशासन को निर्देश दिया जाएगा कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। विद्युत विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर शाम को चार बजे आपूर्ति सुचारु करा दी गई है।