कासिमाबाद। करोड़ों रुपये की लागत से तीन वर्ष पहले निर्मित कासिमाबाद-कठवा मोड़-गाजीपुर मार्ग जगह-जगह टूट कर गड्ढे में तब्दील हो गया है। क्षेत्र के लोगों ने इसकी जांच कराकर तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
कासिमाबाद- कठवामोड़- गाजीपुर मार्ग का चौड़ीकरण एवं नवनिर्माण 39 करोड़ रुपये की लागत से समाजवादी पार्टी की सरकार में कराया गया था। निर्माण के समय लोगों ने घटिया निर्माण की शिकायत करते हुए कंस्ट्रक्शन कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करने की मांग की थी।
जानकारों की मानें तो राजनीतिक रसूख के चलते ठेकेदार पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई और इस सड़क को जनता को समर्पित कर दिया गया था। सड़क बनने के बाद लोगों में हर्ष था कि अब जिला मुख्यालय की दूरी 30 किमी कम होने से सहूलियत होगी, लेकिन निर्माण के तीन वर्ष बाद ही यह सड़क गड्ढों में बदल गई है। भाजपा नेता एवं पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला महामंत्री संतोष कुमार गुप्ता ने इसकी जांच कराकर संबंधित कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वीरेंद्र कनौजिया, मनीष सिंह, शिवराज बिंद, लल्लन चौहान ने भी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जेई सुरेंद्र यादव ने बताया कि सड़क की पैकिंग का कार्य चल रहा है। शीघ्र मरम्मत कर ठीक कर दिया जाएगा।
इनसेट...
ठंडे बस्ते में चली गई जांच
कासिमाबाद। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कासिमाबाद-कठवामोड़-गाजीपुर मार्ग के घटिया निर्माण की शिकायत मुख्यमंत्री से करते हुए तकनीकी जांच कराई थी। जांच के बाद लोगों को लगा कि न्याय मिलेगा लेकिन अब तक कोई कार्रवाई न होने से पता चलता है कि यह जांच भी ठंडे बस्ते में चली गई।
....