दिलदारनगर। संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के 21 अक्तूबर के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर शनिवार को दानापुर मंडल के रेल प्रबंधक रंजन प्रकाश ठाकुर ने यहां स्टेशन का निरीक्षण कर मातहतों को जरूरी निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक रंजन प्रकाश ठाकुर शनिवार दोपहर में यहां पहुंचे। यहां आने के बाद उन्होंने स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान बताया की अप लूप लाइन के प्लेटफार्म संख्या-4 हाई लेवल का प्लेटफार्म बनेगा। इसके अलावा डाउन में प्लेटफार्म संख्या-1 की लंबाई बढ़ाकर 24 रैक का प्लेटफार्म बनाने का आश्वासन दिया। मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं के इस स्टेशन पर ट्रेन रनिंग डिस्प्ले बोर्ड लगवाने तथा शवगृह की स्थापना करने की मांग पर डीआरएम ने कहा की यह स्टेशन एक आदर्श स्टेशन के रूप में विकसित होगा। निरीक्षण के समय अनुग्रह जायसवाल, दीपक गुप्ता, राकेश गुप्ता, दिलीप कुमार, विनोद कुमार वर्मा, वाणिज्य प्रबंधक विनीत कुमार, दूरसंचार प्रबंधक, आरपीएफ निरीक्षक राकेश कुमार, जीआरपी प्रभारी डीपी यादव, स्टेशन प्रबंधक नफीस अहमद खान, परिचालन निरीक्षक संजय प्रसाद, राजेश कुमार दास, उमेश कुमार सहित आला अधिकारी मौजूद रहे।