गाजीपुर। जखनियां ब्लॉक के केसरुआ ग्राम पंचायत के प्रधान पद के उपचुनाव का मतदान 25 अगस्त को कराया जाएगा। दो उम्मीदवारों के बीच हो रही घमासान में 11 सौ से अधिक मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर उनकी किस्मत का फैसला करेंगे। दो बूथ पर हो रहे मतदान के लिए प्रत्येक बूथ पर चार मतदान कार्मिकों की तैनाती की गई है। तिथि करीब आते ही ग्राम पंचायत में चुनावी कशमकश दिखाई देने लगी है।
जखनियां विकासखंड के केसरुआ ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए शनिवार को मतदान कराया जाएगा। उपचुनाव में 1123 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए दो बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर एक पीठासीन अधिकारी एवं तीन मतदान कार्मिक सहित कुल चार मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा कुछ मतदान कर्मी आरक्षित भी रखे गए हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक कराया जाएगा। मतों की गणना 28 अगस्त को सुबह आठ बजे से कराई जाएगी। मतदान की तिथि करीब आते ही केसरुआ गांव में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। बाजी मारने के लिए दोनों दावेदार और उनके समर्थक मतदाताओं को रिझाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। विभिन्न ब्लॉकों के सात क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं एक प्रधान निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।