गाजीपुर। जिले के सभी ब्लॉकों में सृजित सह समन्वयक पदों पर चयन के लिए परीक्षा का आयोजन हुए एक सप्ताह का समय बीत गया लेकिन अभी तक इसका परिणाम घोषित नहीं किया गया। परिणाम घोषित करने में हो रही देरी से परीक्षा देने वालों में उहापोह है। जिला चयन समिति ने अपने स्तर पर चयन सूची और ज्येष्ठता सूची का अनुमोदन कर दिया है लेकिन यह घोषित कब तक होगी इसकी कोई खबर नहीं है।
गत बुधवार को डायट सैदपुर में बीआरसी के सह समन्वयकों के चयन के लिए परीक्षा का आयोजन किया गया था। कुल पांच विषयों विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, हिंदी और सामाजिक विज्ञान के सह समन्वयक पदों के लिए जिले में कुल 85 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में बैठने के लिए कुल 215 शिक्षकों ने आवेदन किया था लेकिन कुल 174 शिक्षक ही परीक्षा देने उपस्थित हुए थे। परीक्षा में कुल 41 शिक्षक अनुपस्थित रहे। साक्षात्कार के दौरान भी दो दर्जन शिक्षक अनुपस्थित हुए। कुल 40 अंकों की संपन्न हुई लिखित परीक्षा के बाद 10 अंकों का साक्षात्कार भी हुआ था। जिलाधिकारी के निर्देशन में कराई गई इस परीक्षा का परिणाम घोषित करने में जिला चयन समिति की ओर से की जा रही देरी अध्यापकों को रास नहीं आ रही है। विलंब को लेकर उनमें तरह-तरह की चर्चा है। कई शिक्षकों को यह डर सताने लगा है कि उनका चयन हो पाएगा या नहीं।