गाजीपुर। वर्षों से जर्जर जिला अस्पताल की सड़क का निरीक्षण गुरुवार को जिलाधिकारी के बालाजी ने किया था। इस दौरान वह सड़क निर्माण का कार्य तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया था। सड़क दुरुस्त न होने पर संबंधित अधिकारी और ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया था। सुबह होते ही जिला अस्पताल कि सड़क को दुरुस्त करने में संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी पूरे दमखम से जुट गए। जबकि शासन की तरफ से मार्च महीने में ही सड़क निर्माण विभाग को कराना था।
जिला अस्पताल से 200 मीटर जर्जर सङ़क का निर्माण कार्य होना था। लेकिन पांच माह बीतने के बाद भी निर्माण नहीं हुआ। जिला अस्पताल की जर्जर सड़क पर लोगों का चलना दूभर हो गया था। सड़क निर्माण का काम विभाग ने यह कहकर पला झाड़ लिया था कि कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण निर्माण नहीं किया जा सकता है। लेकिन गुरुवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण करने जाते समय डीएम ने सड़क की दशा देखी और गुस्से से लाल हो गए। लौटकर वापस आते समय जर्जर सड़क पर वाहन को रोककर खुद उतर गए और सड़क का जायजा लिया। इस दौरान पीडब्लूडी सहित अन्य विभागों को जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया। कहा कि अगर जल्द से जल्द सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो कार्रवाई तय है। जिलाधिकारी के फरमान के बाद रात गुजरने के बाद सड़क का निर्माण शुरू हो गया। विभागीय अधिकारी सुबह होते ही सड़क पर जेसीबी लेकर पहुंच गए और निर्माण कार्य आरंभ कराने की शुरूआत कर दी।