मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। स्थानीय रेल यात्रियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली जाकर केंद्रीय संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा से मुलाकात की। इस दौरान यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने एवं प्लेटफार्म संख्या- 2 को ऊंचा किए जाने के साथ अधूरे फुट ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा किए जाने की मांग की।
नृसिंह इंटर कॉलेज मोहनपुरा के प्रधानाचार्य रविंद्रनाथ राय के नेतृत्व में मुहम्मदाबाद क्षेत्र के रेल यात्रियों ने केंद्रीय संचार-रेलराज्य मंत्री मनोज सिन्हा से दिल्ली रेल भवन में मुलाकात की। यूसुफपुर रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म संख्या-2 काफी नीचे रहने के कारण रेल यात्रियों को होने वाली असुविधाओं से उन्हें अवगत कराया। कहा कि प्लेटफार्म संख्या-2 पर यात्रियों के उतरने के बाद उन्हें प्लेटफार्म संख्या-1 पर आने के लिए न तो कोई रास्ता है और न ही कोई सीढ़ी, जिससे चढ़कर वह स्टेशन से बाहर आ सकें। खासकर महिलाओं एवं बच्चों को विशेष परेशानी होती है। स्टेशन पर बनने वाला फुट ओवरब्रिज भी काफी दिनों से अधूरा पड़ा है। रेल राज्यमंत्री ने कहा कि यूसुफपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या- 2 को ऊंचा करने के लिए धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है लेकिन गाजीपुर से बलिया रेलखंड का दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है। इसके चलते प्लेटफार्म संख्या- 2 को ऊंचा नहीं किया जा रहा है। फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी प्लेटफार्म संख्या-2 के न बन पाने के कारण अधूरा पड़ा है। श्री सिन्हा ने यूसुफपुर रेलवे स्टेशन की उपेक्षा के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि उन्होंने रेलवे के उच्चाधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोहरीकरण का कार्य कराने वाले ठेकेदारों से यूसुफपुर रेलवे स्टेशन के पास दोहरीकरण के लिए बिछने वाली रेल लाइन को जल्द बिछवा दें। ताकि प्लेटफार्म संख्या-2 को ऊंचा कर फुट ओवरब्रिज का निर्माण पूरा किया जा सके। यूसुफपुर स्टेशन के सुंदरीकरण, सर्कुलेटिंग एरिया एवं यात्री सुविधाओं के विकास के लिए धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।