गाजीपुर। खाताधारकों की सुविधा के लिए विभिन्न बैंकों के एटीएम स्थापित किए गए हैं, लेकिन ये एटीएम उनकी अपेक्षा पर खरे नहीं उतर पा रहे हैं। आए दिन अधिकांश एटीएम तकनीकी खराबी या नकदी अभाव के चलते बंद रहते हैं। इसके चलते जिन एटीएम में नकदी रहती है वहां पैसा लेने वालों की अच्छी खासी भीड़ लग जाती है। कुछ इसी तरह का नजारा शनिवार को सकलेनाबाद में दिखाई दिया। एक बैंक के एटीएम पर दर्जनों की संख्या में लोगों की कतार लगी रही। इसमें कई महिलाएं भी शामिल थीं। तेज धूप एवं भीषण गर्मी में अपना पैसा लेने की लिए लोग घंटों जद्दोजहद करते रहे। इस दौरान जल्द पैसा लेने के चक्कर में कुछ लोग नोकझोंक करते दिखे। उनका कहना था कि अगर सभी बैंक अपने एटीएम में नकदी की व्यवस्था उपलब्ध कराएं तो लोगों को पैसे के लिए हायतौबा न करनी पड़े।