गाजीपुर स्टेशन पर मौजूद आला अधिकारी
- फोटो : amar ujala
गुजरात से श्रमिक एक्सप्रेस ट्रेन तथा पंजाब के जालंधर से स्पेशल ट्रेन द्वारा बृहस्पतिवार की रात गाजीपुर सिटी स्टेशन पर कुल 2600 लोग पहुंचे। सिटी स्टेशन पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की। इसके बाद स्वास्थ पाए जाने पर सभी को 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया।
दरअसल, पिछले एक हफ्ते से देश के विभिन्न प्रांतों में फंसे छात्र- छात्राएं, श्रमिक, कारोबारी, प्राइवेट नौकरी-पेशे से जुड़े लोगों को घर वापस लाने की पहल प्रदेश सरकार ने की है। इसके तहत महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, हरियाणा, मध्यप्रदेश आदि जगहों से लोगों को घर पहुंचाने का सिलसिला निरंतर जारी है।
बृहस्पतिवार की रात पंजाब के जालंधर से स्पेशल ट्रेन द्वारा 800 लोगों को देर रात गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन लाया गया। आधी रात के बाद करीब 2:30 बजे गुजरात से 1800 से ज्यादा लोगों को श्रमिक स्पेशल ट्रेन द्वारा गाजीपुर पहुंचाया गया है। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर डीएम और एसपी के साथ सीओ नगर, रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस एवं रेलवे विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।